मेडिकल कॉलेज की मेडिसिन ओपीडी के बाहर लगी मरीजों की भीड़।
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। समय शुक्रवार सुबह 10:40 बजे हैं। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर की शल्य चिकित्सा विभाग की ओपीडी कमरा नंबर 117 के बाहर मरीजों की कतार लगी है, लेकिन ओपीडी में कोई भी चिकित्सक नहीं है। शल्य चिकित्सा विभाग की ओपीडी दो कमरों में है। इनमें से एक कमरा तो पूरी तरह खाली है, जबकि दूसरे के अंदर भी चिकित्सक तो नहीं हैं, लेकिन पर्चियां लेकर मरीजों की एंट्री करने वाली कर्मचारी बैठी हैं। मरीज चिकित्सक का इंतजार कर रहे हैं। चिकित्सक न होने से मरीजों की भीड़ बढ़ती जा रही है। अब समय 11: 05 बजे हैं। कुछ मरीज कतार से हटकर दीवार के साथ पीठ लगाकर बैठ गए हैं।
11:25 पर महिला चिकित्सक आईं और ओपीडी नंबर 117 के अंदर बैठ गईं। कुछ मरीज ओपीडी के अंदर पहले से ही मौजूद हैं। इनकी जांच के बाद कतार में लगे मरीजों की बारी अब नंबर बार आने लगी है। जबकि, ओपीडी कमरा नंबर 116 पूरी तरह से खाली है। मेडिकल कॉलेज के सर्जरी विभाग में करीब दस चिकित्सक हैं। हालांकि, शुक्रवार को ऑपरेशन डे होने के चलते अधिकतर चिकित्सक ऑपरेशन थियेटर में व्यस्त रहे, फिर भी ओपीडी के लिए कम से कम दो चिकित्सकों की व्यवस्था नहीं की गई थी। इस वजह से मरीज परेशान हुए।
बताया जा रहा है कि एक चिकित्सक का यहां से तबादला होने, एक की रात्रि ड्यूटी, एक की वार्ड ड्यूटी होने, एक कोर्ट एविडेंस पर होने और अन्य चिकित्सक ओटी में व्यस्त होने के कारण समस्या पेश आई है। हालांकि, अस्पताल प्रबंधन को चाहिए कि मरीजों की संख्या को ध्यान में रखते हुए ओपीडी में भी चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जानी चाहिए, ताकि मरीजों को परेशानी न हो। इस संबंध में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चौहान ने कहा कि शुक्रवार को ऑपरेशन डे होता है। इसलिए समस्या आई होगी। इस बारे में जानकारी ली जाएगी।