सुनैहल खड्ड में जख्योल-द्वितीय कड़ोहता पेयजल योजना की सुनैहल खड्ड में टूटी पाइन लाइन को ठीक करते
नलों में अधिक प्रेशर से आया पानी, लोगों को पानी की समस्या से मिली निजात
सीर खड्ड में आई बाढ़ से बह गई थी योजना 200 मीटर पाइप लाइन
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। जल शक्ति विभाग उपमंडल लदरौर के कर्मचारियों ने बाढ़ से प्रभावित हुई उठाऊ पेयजल योजना जाहू और जख्योल-द्वितीय कड़ोहता की सप्लाई बहाल कर दी है। उठाऊ पेयजल योजना जाहू की मुख्य पाइप लाइन से कांगुघट्टी और पंचायत के वार्ड नंबर सात में बने ओवर हेड टैंक से जोड़ा गया है।
सीर खड्ड में आई बाढ़ से भूमि कटाव होने के कारण करीब 200 मीटर लंबी पाइप लाइन बह जाने से योजना की सप्लाई बाधित हुई थी। जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों ने अब नई पाइप को जोड़ दिया है। इसी तरह जख्योल-द्वितीय कड़ोहता पेयजल योजना की 400 मीटर मुख्य पाइप लाइन सुनैहल खड्ड के पानी के बहाव के कारण बह गई थी। इस लाइन को जोड़ने में विभागीय कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। तीन-चार दिन के बाद दोनों योजनाओं की सप्लाई बहाल होने से उपभोक्ताओं के नलों में अधिक प्रेशर से पानी आने लगा है। इससे ग्रामीणों को पेयजल संकट की समस्या से निजात मिली है।
जल शक्ति विभाग उपमंडल लदरौर के सहायक अभियंता राजेंद्र सिंह पठानिया ने बताया कि जाहू और जख्योल-द्वितीय कड़ोहता उठाऊ पेयजल योजना को सीर और सुनैहल खड्ड से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दोनों योजनाओं की टूटी पाइप लाइन को ठीक कर पानी की सप्लाई बहाल कर दी है। उपमंडल के अधीन आने वाली सभी 16 पेयजल योजनाओं से लोगों को सुचारु पानी की सप्लाई दी जा रही है।