सुजानपुर (हमीरपुर)। अब किसी भी मौसम और विपरीत परिस्थिति में सुजानपुर शहर में पेयजल की किल्लत नहीं होगी। शहर में पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए जल शक्ति विभाग ने नई योजना पर कार्य करना शुरू कर दिया है। विभाग शहर में स्थित ऐतिहासिक प्राचीन गुफा से पानी उठाकर लोगों को घरद्वार तक पेयजल आपूर्ति उपलब्ध करवाएगा। पेयजल टैंकों में पानी स्टोर करने के लिए तीन लाख रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा रही है। यह पेयजल सप्लाई लोगों को उस समय दी जाएगी जब शहर में पेयजल किल्लत होगी।
वर्तमान में सुजानपुर की ऐतिहासिक पानी की गुफा से रोजाना हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहता है और यह पानी बहता हुआ व्यास नदी में समाता है। वर्षों से यह पानी इसी तरह बह रहा है। हालांकि स्थानीय लोग गुफा के पानी को भरकर नहाने और कपड़े धोने के लिए इस्तेमाल करते हैं लेकिन अब बहते हुए पानी को इस्तेमाल करने के लिए जल शक्ति विभाग हरकत में आया है। विभाग ने पानी को भंडारित करने के लिए पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया है। पानी को स्टोर करने के बाद इसे मशीन की सहायता से साफ किया जाएगा। उसके बाद इसे लोगों के घरों में सप्लाई किया जाएगा। इस बारे में जल शक्ति विभाग सुजानपुर के सहायक अभियंता जितेश कुुमार ने कहा कि गुफा के पानी को पाइपलाइनों की सहायता से पेयजल टैंकों में भंडारित किया जाएगा। इसके लिए तीन लाख रुपये की राशि खर्च की जा रही है। पेयजल भंडारण के बाद लोगों को पेयजल किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।