सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर के वित्तीय वर्ष 2026-27 के वार्षिक बजट को शहरी विकास विभाग से मंजूरी मिल गई है। नगर परिषद ने 8.79 करोड़ रुपये की अनुमानित आय और 8.59 करोड़ रुपये के अनुमानित व्यय का प्रावधान किया है।
इस राशि से शहर में विभिन्न विकास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे। नगर निकाय चुनाव के कारण इस बार आम बैठक में बजट पारित नहीं हो सका। नई कमेटी का गठन न होने के चलते अप्रैल में बजट का प्रारूप जिला उपायुक्त कार्यालय के माध्यम से शहरी विकास विभाग, शिमला भेजा गया था।
बजट में नगर परिषद सुजानपुर टीहरा की आय और खर्च का प्रावधान किया गया है। आय के प्रमुख स्रोतों में गृह एवं संपत्ति कर, दुकानों और अन्य संपत्तियों का किराया, सरकारी अनुदान और विभिन्न शुल्क शामिल हैं।
भवन नक्शा स्वीकृति, तहबाजारी, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, अनापत्ति प्रमाणपत्र और घर-घर कूड़ा उठाने के शुल्क से भी आय का प्रावधान है। व्यय में शहर की सफाई व्यवस्था, ठोस कचरा प्रबंधन, कर्मचारियों के वेतन और पेंशन, सड़कों और नालियों की मरम्मत, सार्वजनिक शौचालय, स्ट्रीट लाइट और एलईडी से जुड़े कार्य शामिल हैं।
पार्कों के रखरखाव, बेंच लगाने और पौधरोपण के लिए भी बजट में प्रावधान किया गया है। आमतौर पर नगर परिषद का वार्षिक बजट आम बैठक में निर्वाचित पार्षदों की सहमति से पारित होता है।
इस बार चुनाव प्रक्रिया के चलते यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। ऐसे में विकास और मूलभूत सुविधाओं के कार्य प्रभावित न हों, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर बजट तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा गया था।
कोट
चुनाव के कारण आम बैठक नहीं हो पाई थी। जनहित और विकास कार्यों को ध्यान में रखते हुए बजट उपायुक्त के माध्यम से शिमला भेजा गया था। मंजूरी मिलने से अब शहर में रुके विकास कार्यों को गति देने में मदद मिलेगी।
-हर्षित शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सुजानपुर टीहरा