हमीरपुर। सुजानपुर में पार्टी कार्यालय के पोस्टर से कथित छेड़छाड़ के मामले में जिला भाजपा ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों मंडल अध्यक्षों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं।
प्रारंभिक संगठनात्मक जांच में मूल पोस्टर से छेड़छाड़ की प्रबल आशंका जताई गई है। ऐसे में सुजानपुर और बमसन मंडल अध्यक्षों को 20 फरवरी तक तथ्यों सहित जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर पोस्ट कर विरोध जताने वाले पार्टी के एक जिला पदाधिकारी से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस पदाधिकारी ने पोस्टर से छेड़छाड़ से आहत होकर गंभीर सवाल उठाए थे।
दरअसल, बीते दिनों सोशल मीडिया पर भाजपा मंडल सुजानपुर कार्यालय में लगे एक पोस्टर की तस्वीर वायरल हुई थी। तस्वीर में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के फोटो पर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के फोटो पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कटआउट चस्पां दिखाई दे रहा था।
तस्वीर के वायरल होते ही धूमल-अनुराग समर्थकों के बीच तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं। शुरुआत में मंडल स्तर पर इस फोटो को एआई जनरेटेड बताया गया, लेकिन धूमल और अनुराग समर्थकों ने इस दावे को भ्रामक करार दिया।
जिला भाजपा के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया कि बीते महीने 16 जनवरी को हुई पार्टी प्रेसवार्ता के दौरान मूल पोस्टर पर फोटो चस्पां थे। इसके चलते एआई से फोटो जेनरेट करने के दावे को सही न मानकर तथ्यों सहित जिला भाजपा ने दोनों मंडल अध्यक्षों से जवाब तलब किया है।
वीडियो जारी कर बमसन मंडल अध्यक्ष ने दी सफाई
बमसन मंडल अध्यक्ष बिक्रम राणा ने मीडिया के सामने आकर दावा किया कि वायरल फोटो एआई जनरेटेड है। उनके अनुसार मूल पोस्टर से कोई छेड़छाड़ नहीं हुई, बल्कि राष्ट्रीय नेताओं के पोर्टेबल कटआउट पोस्टर के आगे रखे गए थे, जिन्हें चस्पां नहीं किया गया था। वहीं, जिस कार्यालय में कथित छेड़छाड़ हुई, वहां के सुजानपुर मंडल अध्यक्ष ने अब तक सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
जो हुआ, वह अस्वीकार्य : जिलाध्यक्ष
भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि अनुशासन और संगठनात्मक मर्यादा के मामलों में पार्टी का रुख स्पष्ट और कठोर है। उनके अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर के पोस्टर के साथ जो भी हुआ, चाहे जानबूझकर या अनजाने में वह पूरी तरह अस्वीकार्य है। संबंधित पदाधिकारियों से जवाब मांगा गया है और जांच जारी है। दोषी पाए जाने पर पार्टी नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भाजपा में अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं है और संगठन की मजबूती अनुशासन व नेतृत्व के प्रति सम्मान पर आधारित है।