सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर में असंतुष्ट पार्षदों की ओर से अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर उपमंडल अधिकारी ने बैठक तय कर दी है। 30 दिसंबर को नगर परिषद सुजानपुर को नया अध्यक्ष मिलने की उम्मीद है। इस दिन रखी गई बैठक में अविश्वास पत्र पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक तय होने के साथ ही रूठने मनाने की कवायद के साथ अटकलों का जोर शुरू हो गया है। छत्तीस का आंकड़ा रखने वाली भाजपा-कांग्रेस के पार्षद नगर परिषद अध्यक्ष पद को हटाने को लेकर एकजुट हैं। नगर परिषद सुजानपुर में कुल 9 वार्ड हैं। वर्तमान में भाजपा का पूर्ण बहुमत है।
इनमें केवल मात्र दो ही वार्ड पार्षद कांग्रेस के कट्टर समर्थक हैं। हालांकि, अध्यक्ष से भाजपा पार्षद नाराज चल रहे थे। जिन्हें एकजुट करने को लेकर मंडल अध्यक्ष ने बैठक भी कर दी थी। लेकिन 2 दिन बाद ही भाजपा पार्षदों व कांग्रेस पार्षदों ने अविश्वास प्रस्ताव पारित कर जिला उपायुक्त को सौंप अध्यक्ष को हटाने की मांग कर दी। दिलचस्प है कि नगर परिषद अध्यक्ष को हटाने को लेकर नाराज भाजपा के अपने खेमे के ही पार्षदों ने अध्यक्ष पद के तख्तापलट को लेकर कांग्रेस खेमे में सेंधमारी कर उन्हें अपने पाले में कर लिया है। वर्तमान में स्थिति यह बनी हुई है कि कुल 9 वार्डों में भाजपा समर्थक अध्यक्ष समेत 4 पार्षद एक तरफ हैं। जबकि तीन असंतुष्ट चल रहे भाजपा पार्षदों ने दो कांग्रेस पार्षदों को अपने खेमे में कर अविश्वास प्रस्ताव लाया है। जिस कारण भाजपा समर्थक अध्यक्ष पद की कुुर्सी पर खतरा मंडरा गया है। असंतुष्ट भाजपा पार्षदों ने कांग्रेस के साथ एकजुटता दिखाते हुए वर्तमान अध्यक्ष अशोक मेहरा को हटाने के बाद भाजपा समर्थक को ही नया अध्यक्ष चुने जाने को लेकर पत्ते खोल दिए हैं। उन्होंने साफ किया है कि नया अध्यक्ष भाजपा समर्थक वार्ड सात की पार्षद सुमन अटवाल होंगी। वहीं, अविश्वास प्रस्ताव पर कार्रवाई को लेकर उपमंडल अधिकारी शिल्पी बेक्टा ने 30 दिसंबर को नगर परिषद ने पार्षदों की बैठक रख दी है। उन्होंने इस बैठक की पुष्टि की है।