नगर परिषद सुजानपुर टीहरा की ओर से रेन बसेरा के पास बनाई गई स्मारक। संवाद
सुजानपुर(हमीरपुर)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहां पूरा देश आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन कर रहा था, वहीं सुजानपुर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए।
नगर परिषद क्षेत्र के रेन बसेरा परिसर में बनाए गए स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर 15 अगस्त को किसी अधिकारी, जनप्रतिनिधि या कर्मचारी ने न तो पुष्प अर्पित किए और न ही दीप जलाकर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी।
आजादी का अमृत महोत्सव के दौरान देशभर में स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को यादगार बनाने के लिए उनके नाम शिलापट्टों पर अंकित करने की पहल की गई थी। इसी के तहत सुजानपुर नगर परिषद क्षेत्र के रेन बसेरा परिसर में भी स्मारक का निर्माण करवाया गया है।
इसमें क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों के नाम अंकित किए गए हैं। इसका उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान से परिचित करवाना था। स्थानीय लोगों ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के नाम पर बनाए गए इस स्मारक पर राष्ट्रीय पर्व के दिन श्रद्धांजलि कार्यक्रम होना चाहिए था।
उन्होंने नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्मारक का निर्माण करवाना ही पर्याप्त नहीं है। स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के लिए उनके बलिदान को याद रखना और राष्ट्रीय पर्वों पर उन्हें श्रद्धांजलि देना भी जरूरी है।
कोट
उपमंडल स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करवाया गया है, जिसमें पूर्व सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई है।
-हर्षित शर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सुजानपुर टीहरा