हमीरपुर। पुलिस थाना सदर के तहत बीती 27 जुलाई को युवक की ओर से आत्महत्या करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। पिता को युवक की डायरी में आत्महत्या का कारण लिखा मिला है। जिसके बाद युुवक के पिता ने पुलिस थाना सदर में इसकी शिकायत दर्ज करवाई है। जिसके बाद पुलिस ने आत्महत्या को उकसाने का मामला दर्जकर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। बता दें कि 27 जुलाई को कोटला गांव के युवक ने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर इहलीला समाप्त कर ली थी। वह टेंट का काम करता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
मृतक के पिता हंस राज निवासी गांव कोटला डाकघर धनेड़ तहसील व जिला हमीरपुर ने शिकायत दर्ज करवाई है कि बीती 27 जुलाई को उसका बेटा रात को नशे में घर आया जो कुछ परेशान प्रतीत हो रहा था। खाना-खाने के बाद वे सभी अपने-अपने कमरे में सो गए। अगले दिन सुबह बेटे को आवाजें दीं, लेकिन उसने उत्तर नहीं दिया। कमरे का दरवाजा तोड़ने पर देखा तो बेटे ने पंखे के साथ फंदा लगा लिया था। छह अगस्त 2020 को वह अपने बेटे के साथ वाले कमरे में सफाई कर रहा था तो एक डायरी मिली। जिसमें लड़के ने एक महिला के कारण आत्महत्या जैसा कदम उठाने के बारे में लिखा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी का कहना है कि आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्जकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।