हमीरपुर। पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की सफलता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने इसे वैश्विक एकजुटता और भारत की बढ़ती कूटनीतिक भूमिका का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
मीडिया को दिए बयान में अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नेतृत्व क्षमता ने विभिन्न हितों और विचारधाराओं वाले देशों को वैश्विक प्रगति के साझा एजेंडे पर एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, सऊदी अरब के नेतृत्व, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सहित प्रमुख वैश्विक नेताओं की भागीदारी भारत की संतुलित और सर्वसमावेशी कूटनीति में बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।
उन्होंने नई दिल्ली घोषणा को बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण रोडमैप बताते हुए कहा कि इसमें बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार, सतत विकास और आर्थिक एकीकरण पर जोर दिया गया है।
सीमा-पार डिजिटल भुगतान, खाद्य सुरक्षा और जलवायु कार्रवाई जैसे क्षेत्रों में ब्रिक्स की पहल वैश्विक वित्तीय और सामाजिक लचीलापन मजबूत करने की दिशा में अहम कदम हैं। उन्होंने कहा कि सम्मेलन की सफलता ने भारत को अंतरराष्ट्रीय कूटनीति और वैश्विक विकास की दिशा तय करने वाले प्रमुख देशों में स्थापित किया है।