गांव घड़ोह में आयोजित मेले में खरीदारी करते लोग। संवाद
धनेटा (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत झलान के गांव घडोह स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर में वार्षिक मेले का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। मेले में आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
बच्चों में मेले को लेकर खासा उत्साह रहा और उन्होंने विभिन्न झूलों का आनंद लिया। स्थानीय दुकानदारों ने दुकानें आकर्षक ढंग से सजाईं, वहीं लोगों ने खाद्य सामग्री और अन्य सामान की जमकर खरीदारी की।
मंदिर के पुजारी विपन पटियाल ने बताया कि मेले का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक मेल-जोल को बढ़ावा देना भी है। इस दौरान विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं।
बीच-बीच में हुई बारिश से कुछ देर मेले की रौनक प्रभावित हुई, लेकिन मौसम खुलते ही फिर चहल-पहल बढ़ गई। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं और लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।