हमीरपुर। प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर में सोमवार को इंजीनियर दिवस मनाया गया। नवोन्मेष 2.0 के तहत दो दिवसीय कार्यक्रम तकनीकी नवाचार और सांस्कृतिक प्रतिभा का समागम है। इसमें 400 से अधिक छात्रों ने भाग लिया और अपनी उत्कृष्टता का प्रदर्शन किया। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग विभाग की ओर से इंजीनियर दिवस पर विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
पहले दिन में विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और रचनात्मकता को परखने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें मैराथन ऑफ स्किल्स, एरेना ऑफ फैट्स, माइंड ड्यूल, डिजिटल पोस्टर मेकिंग, एड/रियल मेकिंग, वीडियो एडिटिंग, ग्राफिक एडिटिंग शामिल हैं। दूसरे दिन सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित होंगी। इसमें नृत्य, गायन, नाटक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल हैं। तकनीकी विवि के कुलपति प्रो. राजेंद्र वर्मा, अधिष्ठाता शैक्षणिक डॉ. राजेश कुमार, कुलसचिव कमल देव सिंह कंवर ने विद्यार्थियों को इंजीनियर दिवस की बधाई दी और ऐसी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर सहभागी होने के लिए प्रेरित किया।