नादौन। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक कन्या विद्यालय नादौन की प्रधानाचार्य मीना कुमारी ने अभिभावकों से आग्रह किया है कि ऑनलाइन कक्षा लगवाने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित करें। स्वयं भी योग्य गुरु बनकर बच्चों के प्रेरणा स्रोत बनें। प्रदेश सरकार की ओर से हर घर पाठशाला पोर्टल भी लॉच किया गया, जिसमें पहली से लेकर बारहवीं कक्षा तक का संपूर्ण पाठ्यक्रम वीडियो और पत्रकों के माध्यम से लगातार प्रसारित किया गया।
इसके अतिरिक्त महामारी के दौरान अध्यापकों ने गूगल मीट, जूम आदि ऑनलाइन माध्यमों से कक्षाओं का संचालन भी किया, लेकिन इन प्रयासों में अध्यापकों की मेहनत का कोई लाभ नहीं होगा। जब बच्चे और अभिभावक ऑनलाइन शिक्षा के प्रति उदासीन रहेंगे।
राजकीय कन्या वरिष्ठ विद्यालय नादौन में विगत वर्ष विद्यालय में पढ़ने वाली छठी से दसवीं कक्षा की लगभग 330 छात्राओं को हर घर पुस्तकें पहुंचाने के अतिरिक्त नरेश मलोटिया शास्त्री, संगीत अध्यापक नरेंद्र सिंह ठाकुर, वोकेशनल अध्यापक राकेश कुमार, अंग्रेजी प्रवक्ता विनोद कुमार चोपड़ा, भौतिक प्रवक्ता बिनूप सिंह, अनीता कुमारी इत्यादि ने गूगल मीट के माध्यम से कक्षा भी लगाई, लेकिन दुर्भाग्यवश 50 से 60 फीसदी बच्चे ही कक्षा में उपस्थित होते थे और अंतिम परीक्षाओं के आते-आते यह आंकड़ा 10 से 20 फीसदी ही रह गया था। इसमें बहुत सारे कारण दिखाई देते हैं, जैसे अभिभावकों का सहयोग प्राप्त न होना। मोबाइल फोन की अनुपलब्धता और उसका संचालन न कर पाना आदि। सरकारी विद्यालयों में बिल्कुल मुफ्त शिक्षा प्रदान की गई, लेकिन फिर भी लोगों ने बच्चों की कक्षाएं लगाना बहुत जरूरी नहीं समझा। बार-बार मैसेज और कॉल करने के बावजूद छात्र कक्षाएं नहीं लगा रहे थे। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया है कि इस वर्ष भी सोमवार 26 अप्रैल 2021 से ऑनलाइन कक्षाएं शुरू कर दी जाएंगी। जिसमें सभी बच्चे कक्षाओं में भाग लें।