बड़सर (हमीरपुर)। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बणी में विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में पहल की जा रही है। संस्थान में विद्यार्थियों की हाजिरी फेस स्कैनर मशीन से लगाने, परिसर में आठ स्ट्रीट लाइटें स्थापित करने और अग्नि सुरक्षा के लिए फायर हाइड्रेंट लगाने की योजना बनाई जा रही है।
इसके अलावा पूरे परिसर को वाई-फाई नेटवर्किंग सुविधा से जोड़ने और पुराने आईटीआई भवन की छत की मरम्मत करवाने पर भी विचार किया गया। संस्थान की 31वीं इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट कमेटी (आईएमसी) की बैठक हिमुडा निदेशक मंडल के सदस्य एवं आईएमसी अध्यक्ष इंजीनियर राजेश बन्याल की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में संस्थान की मौजूदा व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा, डिजिटल सुविधाओं और भवन के रखरखाव से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
इंजीनियर राजेश बन्याल ने बताया कि संस्थान में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए फायर हाइड्रेंट स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। रात के समय परिसर में पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने के लिए आठ स्ट्रीट लाइटें लगाने और विद्यार्थियों की उपस्थिति दर्ज करने के लिए फेस स्कैनर मशीन लगाने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा पूरे परिसर में वाई-फाई नेटवर्किंग सुविधा उपलब्ध करवाने और पुराने आईटीआई भवन की छत की मरम्मत का विषय भी उठाया गया। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुरक्षित परिसर उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
बैठक में आईएमसी सदस्य मनोज शर्मा, इंजीनियर राज कुमार और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान बणी के प्रधानाचार्य अनिल पठानिया सहित अन्य उपस्थित रहे।