बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के तहत शांति पुल के पास बुधवार को सड़क हादसे में घायल कंप्यूटर साइंस के छात्र की पीजीआई ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामला दर्जकर छानबीन कर रही है।
अमन कुमार (18) निवासी गांव नेरी बुधवार शाम को मैहरे से नेरी गांव की ओर बाइक पर जा रहा था। शांति पुल के पास उसकी बाइक एक ट्राले से टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर घायल हो गया। उसे बड़सर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, लेकिन देर शाम रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। वहीं पैतृक गांव में उसका अंतिम संस्कार किया गया। अमन की तीन बहने हैं। जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। इसके अलावा परिवार में उसकी माता है, जबकि पिता की मृत्यु हो चुकी है। अमन निजी विवि से बीसीए (कंप्यूटर साइंस) की पढ़ाई कर रहा था। डीएसपी जसवीर ठाकुर ने कहा कि युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। मामला दर्जकर छानबीन की जा रही है।