बिझड़ी (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिझड़ी में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान बाहरी शरारती तत्वों ने स्कूल में हुड़दंग मचाया। जिसमें ग्यारहवीं कक्षा के छात्र विनय कुमार पुत्र विनोद कुमार के सिर पर प्रहार किया गया। जिससे उसे सिर पर गहरी चोट लगी और मौके पर मौजूद लोग उसे सीएचसी बिझड़ी ले गए। जहां पर उसका उपचार किया गया। विनय कुमार बल्हविहाल अपने ननिहाल में रहकर बिझड़ी स्कूल में पढ़ता है।
परिजन उसे पुलिस चौकी ले गए, जहां उन्होंने आरोपी युवकों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस में शिकायत दी है कि स्कूल में कुछ अज्ञात लड़कों ने बिना किसी कारण सिर पर किसी चीज से वार कर दिया। विनय का कहना है कि उक्त लड़के नशे में लग रहे थे। स्कूल का कोई भी अध्यापक छात्र को अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठा पाया और स्कूली छात्र ही विनय को उठाकर अस्पताल ले गए। मारपीट के बाद भी स्कूल का कार्यक्रम ऐसे ही चलता रहा। जबकि, जिला हमीरपुर शिक्षा के मुखिया वहीं उपस्थित थे। विनय के नाना प्रीतम सिंह का कहना है कि हम बच्चों को स्कूल में पढ़ने के लिए भेजते हैं। इस संबंध में प्रधानाचार्य कमलेश कुमार का कहना है कि वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के दौरान बाहरी तत्वों की ओर से स्कूल के एक छात्र को पीटा गया है। स्कूल में किसी भी गड़बड़ी से बचने के लिए पुलिस को पहले भी आगाह किया था कि सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान भेजे जाएं। इस संबंध में पुलिस चौकी प्रभारी बिझड़ी पूर्णभक्त का कहना है कि पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी में बुलाया था। मारपीट करने वाले आरोपी युवकों को बख्शा नहीं जाएगा।