संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिले में बिजली बोर्ड ने स्मार्ट बिजली मीटर लगाने को लेकर सख्ती शुरू कर दी है। बोर्ड की ओर से अब तक दस उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं, जिन्होंने सूचित किए जाने के बाद भी घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगवाए हैं।
उपभोक्ता समय पर स्मार्ट मीटर नहीं लगाते हैं, तो उनके बिजली कनेक्शन काटे जा सकते हैं। सभी उपभोक्ताओं के लिए बिजली मीटर बदलना अनिवार्य है। इसके बावजूद कुछ लोग सहयोग नहीं कर रहे हैं, जिससे बोर्ड के कार्य में बाधा आ रही है।
सरकारी कार्यालयों में लगभग 2000 स्मार्ट बिजली प्रीपेड मीटर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इनमें से अब तक लगभग 1500 मीटर लगाए जा चुके हैं।वहीं, जिले में अब तक 16 हजार से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं को स्मार्ट बिजली मीटर की सुविधा दी गई है। इससे उपभोक्ताओं को प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों प्रकार की सुविधाओं का लाभ मिल रहा है। बिजली बोर्ड का दावा है कि स्मार्ट बिजली मीटर से बिजली चोरी को भी नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। स्मार्ट मीटर लगने से बिजली खपत की रियल-टाइम निगरानी संभव होगी। वहीं, बिलिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और अनियमितताओं पर रोक लगेगी। आने वाले दिनों में नोटिस जारी करने की संख्या और बढ़ सकती है। बोर्ड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे स्मार्ट मीटर लगवाकर किसी भी असुविधा से बचें।