हमीरपुर। पुलिस विभाग हमीरपुर की ओर से शनिवार को अपराध बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पूर्व में घटित सभी मामलों और जिला में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए गहनता से समीक्षा की गई।
वहीं, समस्त पर्यवेक्षक अधिकारियों, थाना एवं पुलिस चौकी प्रभारियों को सभी लंबित अभियोगों की जांच को तुरंत पूर्ण करने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक की अध्यक्षता करते हुए एसपी भगत सिंह ने सभी थाना एवं पुलिस चौकी प्रभारियों को वार अंगेस्ट ड्रग्स कार्यक्रम को अपने-अपने थाना क्षेत्र में सुचारू रूप से संचालित करने और मादक पदार्थ विक्रेताओं और मादक पदार्थ उपलब्ध करने वालों, शराब तस्करी व अवैध माल वितरण करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में सभी पुलिस अधिकारियों व पुलिस कर्मचारियों को अपना काम करते समय आम लोगों के साथ पेशेवर, निष्पक्ष तथा शिष्ट व्यवहार करने के भी दिशा-निर्देश जारी किए। इससे पहले मासिक संयुक्त सलाहकार व कल्याण समिति की बैठक एसपी भगत सिंह की अध्यक्षता में ऑनलाइन वर्चुअल मोड़ में आयोजित हुई। बैठक में सभी थानों, चौकियों और इकाइयों में तैनात सभी कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित विषयों को ऑनलाइन माध्यम से सुना।
एसपी ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों के कल्याण से संबंधित जरूरतों को पूर्ण करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इस अवसर पर राजेश कुमार, लालमण शर्मा, नितिन चौहान सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।