नादौन/कांगू(हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन के विभिन्न वार्डों में पेयजल पाइप डालने के लिए उखाड़ी गई गलियों को दोबारा से पक्का नहीं किया गया है। इसके कारण लोगों का अपने घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है।
सफाई कर्मचारियों को भी इन गलियों में साफ-सफाई करना मुश्किलों भरा हो गया है। इसी समस्या के कारण लोगों के घरों के पास गंदगी पसर रही है। स्थानीय लोगों मीनाक्षी, तृष्णा, अजय, विजय आदि ने कहा कि लगभग एक माह से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन अभी तक इन गलियों की मरम्मत नहीं की गई है। अब उनका अपने घरों से निकलना मुश्किल हो चुका है।
उन्होंने कहा कि कई बार ठेकेदार और विभाग को इस बारे में बताया जा चुका है, परंतु अभी तक किसी भी अधिकारी ने गलियों की सुध नहीं ली है। शहर में सबसे अधिक परेशानी वार्ड नंबर दो और तीन में पेश आ रही है। जहां से राहगीरों सहित बाजार में खरीदारी करने आए ग्राहकों को इन गलियों से होकर निकलना मुश्किलों भरा हो चुका है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से इन गलियों को जल्दी से जल्दी पक्का किए जाने की गुहार लगाई है। इस संबंधी उपमंडल अधिकारी नादौन राकेश ने कहा कि मामला उनके ध्यान में है और जल्द ही संबंधित विभाग को उखाड़ी गई गलियों को पक्का करने के आदेश दे दिए जाएंंगे।
सचित्र: