वार्ड दो और तीन में नहीं किया गलियों को दुरुस्त
नगर पंचायत नादौन में बढ़ीं लोगों की दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। नगर पंचायत नादौन के वार्ड नंबर दो और तीन में जलशक्ति विभाग की ओर से पेयजल पाइप बिछाने का कार्य एक माह से चला हुआ है। कई जगह पेयजल पाइप को दबाने का कार्य पूरा होने के बाद भी उखाड़ी गई गली को अभी तक दुरुस्त नहीं किया गया है। इससे स्थानीय लोगों को दोनों वार्डों की गलियों से पैदल चलना मुश्किल हो गया है।
स्थानीय लोगों संदीप, वियज, लक्ष्मी, आशुतोष आदि ने कहा कि कई बार इन गलियों की मरम्मत करने के लिए संबंधित विभाग और ठेकेदार को बताया जा चुका है लेकिन अभी तक पेयजल पाइप दबाने के लिए उखाड़ी गईं गलियों से न तो मलबा हटाया गया है और न ही उनका मरम्मत कार्य किया गया है। कई जगह पर पाइप दबाने का कार्य पूरा कर दिया गया है। वार्ड नंबर तीन में बाल स्कूल के पास एक स्थल पर तो गली के एक भाग को बिना पेयजल पाइप बिछाए ही उखाड़ दिया गया है। यहां के निवासियों को इसके कारण कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग ने इस कार्य को जल्द पूरा नहीं किया तो विपरीत मौसम में इन दोनों वार्डों के लोगों को और भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने जलशक्ति विभाग से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की है। इसके बारे में जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राजीव सहगल ने कहा कि कुछ जगह अभी तक इसका कार्य चल हुआ है लेकिन कार्य का निरीक्षण करके गलियों के मरम्मत कार्य को जल्द शुरू करवा दिया जाएगा। वहीं, नगर पंचायत नादौन के सचिव रमन शर्मा ने कहा कि उखाड़ी गईं गालियों के एक भाग को दोबारा दुरुस्त करने के लिए जलशक्ति विभाग से आग्रह किया गया है।
समाचार : सोनम शर्मा : संजीव