नगर परिषद सुजानपुर में नालियों की सफाई करते कर्मचारी। संवाद
सुजानपुर (हमीरपुर)। नगर परिषद सुजानपुर की चेतावनी का असर देखने को मिला है। नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण करने वाले रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने कार्रवाई से पहले ही कब्जे हटा लिए। इसके बाद नगर परिषद ने बुधवार को नालियों की सफाई का विशेष अभियान शुरू किया।
रेहड़ी-फड़ी संचालकों ने नालियों के ऊपर सामान रखकर पानी की निकासी बाधित कर रखी थी। इससे गंदगी और बदबू की समस्या भी पैदा हो रही थी। समय सीमा समाप्त होने के बाद निरीक्षण में नालियां अतिक्रमण मुक्त मिलीं।
इसके बाद सफाई कर्मचारियों ने नालियों से गाद, पॉलीथिन और कचरा हटाया। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी हर्षित शर्मा ने कहा कि शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखना परिषद की प्राथमिकता है। भविष्य में नालियों या पैदल रास्तों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ जुर्माने के साथ सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी।