नगर निगम हमीरपुर के तहत चिल्ड्रन पार्क में स्ट्रीट फूड हब को लेकर तैयार किया स्टॉल । संवाद
हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के तहत हीरानगर स्थित चिल्ड्रन पार्क में बनने वाले स्ट्रीट फूड हब को जल्द आकार मिलने की उम्मीद है। यहां लोगों को घूमने के साथ-साथ विभिन्न व्यंजनों का आनंद लेने की सुविधा मिलेगी।
लोगों की सुविधा के लिए वन विभाग ने चिल्ड्रन पार्क में खराब पड़े फाउंटेन की मरम्मत करवा दी है और तीन स्टॉल भी स्थापित कर दिए हैं। लंबे समय से लंबित इस प्रोजेक्ट का काम अब गति पकड़ रहा है।
वन विभाग की ओर से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे इस स्ट्रीट फूड हब में हिमाचली धाम, मक्की की रोटी, सरसों का साग, सिड्डू, परांठा सहित पारंपरिक व्यंजनों के अलावा डोसा, इडली, समोसा, टिक्की, कॉन्टिनेंटल फूड और अन्य खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाए जाएंगे।
स्ट्रीट फूड हब में स्वच्छता और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मानकों के अनुसार प्रबंध किए जाएंगे। प्रदेश के कई पर्यटन स्थलों पर संचालित स्ट्रीट फूड हब की तर्ज पर हीरानगर में भी फूड स्टॉल स्थापित किए जा रहे हैं।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि हमीरपुर में लंबे समय से ऐसे स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां लोग परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताने के साथ पसंदीदा व्यंजनों का आनंद ले सकें। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को घूमने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा, छोटे व्यापारियों को कारोबार का अवसर मिलेगा और हमीरपुर शहर की नई पहचान बनेगी।