लदरौर (हमीरपुर)। पुलिस चौकी लदरौर के तहत झरलोग में गल्ला तोड़कर 8,250 रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने चोरी की राशि में से 5,500 रुपये बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने यह राशि अपने घर में ईंटों के नीचे छिपाई थी।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने चोरी किए गए कुल 8,250 रुपये में से कुछ राशि गोलगप्पे खाने और लोगों के उधार चुकाने में खर्च कर दी। आरोपी संजय निवासी पट्टा पुलिस रिमांड पर है।
वीरवार को गंडोला निवासी संदीप कुमार, जो झरलोग में मेकेनिक की दुकान चलाते हैं, ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि आरोपी संजय सोनी उनकी दुकान पर हेलमेट लेने के बहाने आया और मौका पाकर गल्ले से 8,250 रुपये लेकर फरार हो गया। एसपी बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि की है। संवाद