भोटा (हमीरपुर)। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने भोटा में पत्रकार वार्ता कर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में पूरी तरह से असफल हुई है।
वर्तमान सरकार में आयुष्मान और हिम केयर कार्ड बंद होने की वजह से गरीब रोगियों को अपना इलाज करवाने के लिए या तो बैंक से ऋण लेने पड़ रहे हैं या फिर अपनी जान से हाथ धोना पड रहा है।
उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर जब हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तो उन्होंने भोटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का दर्जा बढ़ा कर सीएचसी किया था, लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुखू अस्पताल का दर्जा घटाकर इसे दोबारा से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कर दिया। हालत यह है कि इस अस्पताल को अब चार बजे बंद कर दिया जाता है। पहले ऐसा कभी नहीं हुआ है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को रात के समय हमीरपुर मेडिकल कॉलेज का रुख करना पड रहा है।
इससे पहले यह अस्पताल 24 घंटे लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाता था। यही हाल मुख्यमंत्री सुक्खू के विधानसभा क्षेत्र की धनेटा पीएचसी का है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव के कारण रोगियों को भोटा से हमीरपुर, हमीरपुर से टांडा और टांडा से पीजीआई रैफर किया जा रहा है।