हमीरपुर। सदर थाना के तहत भोटा चौक से पिता की गाड़ी को चुराकर घर से फरार होने वाली युवती के खिलाफ नादौन थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है। युवती नशे की आदी है। युवती अचानक शुक्रवार को अपने पिता की कार की चाबी लेकर घर से निकल गई।
शिकायत मिलने के बाद युवती की मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई। यह लोकेशन मुख्यालय के चार किमी के दायरे में आई और उसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया है। ऐसे में उसे ट्रेस करने में अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिली है। युवती के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि बेटी बिना बताए घर से गई है।
पहले परिजनों ने उसे अपने स्तर पर तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला। उसके मोबाइल नंबर पर भी संपर्क किया गया, लेकिन उसने फोन कॉल का कोई जवाब नहीं दिया। मामले में पुलिस ने घर के आसपास और शहर के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले हैं, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला है।
वहीं, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि युवती की तलाश जारी है। जल्द ही उसे तलाश कर लिया जाएगा।