मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में स्थापित हुई आधुनिक उपकरणों से लेस पौथोलॉजी लैब में उपकरणों की टेस्टिंग
- फोटो : Hamirpur-HP
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हमीरपुर में बनी निजी पैथोलॉजी लैब में एसआर के कई कर्मचारियों की ही तैनाती की गई है। हालांकि, इसमें सभी कर्मचारी तो तैनात नहीं किए गए हैं, लेकिन पांच कर्मचारियों को दोबारा यहां नियुक्त किया गया है। पूर्व में एसआर लैब के प्रभारी रहे डॉ. राजीव डोगरा ही नई लैब के प्रभारी होंगे। अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक के कार्यालय से आगे यह आधुनिक उपकरणों से लेस लैब तैयार हो गई है और इस सप्ताह के अंत तक लैब में टेस्टिंग भी शुरू हो जाएगी।
लैब स्थापित करने के लिए तीन माह का समय लग गया है और तीन माह तक मेडिकल कॉलेज की सरकारी लैब में कार्य का अतिभार रहा है। निजी लैब ने अपना ब्लड सैंपल कलेक्शन काउंटर तो कमरा नंबर 99 में लगाया है, लेकिन यहां के सैंपल जांच के लिए मोहाली ही जा रहे हैं। केवल महत्वपूर्ण और सरकारी लैब में न होने वाले टेस्टों के सैंपल ही यहां लिए जा रहे हैं।
अब एसआर लैब के पांच कर्मचारियों समेत नई लैब में 13 कर्मचारियों की नियुक्ति हो गई है और उपकरण व मशीनरी भी पूरी तरह स्थापित है। लैब के प्रभारी डॉ. राजीव डोगरा ने कहा कि 13 कर्मचारी नियुक्त हो गए हैं, नियुक्ति प्रक्रिया अभी भी चल रही है। इस सप्ताह के अंत तक लैब सुचारु रूप से शुरू हो जाएगी।