बिझड़ी(हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के बुंबलू में रविवार से शुरू हुई तीन दिवसीय वॉलीबाल प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हो गई। इस मौके स्थानीय विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। प्रतियोगिता में बुंबलू टीम ने 34 टीमों में प्रथम स्थान हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। दूसरे स्थान पर बिलासपुर जिला की बरठीं की टीम रही। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में 14 टीमों ने भाग लिया। जिसमें टिक्कर राजपूतां की टीम प्रथम स्थान पर तथा टिक्कर ब्राह्मण की टीम दूसरे स्थान पर रही।
इस प्रतियोगिता का आयोजन ब्लॉक कांग्रेस द्वारा विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर किया गया था। वहीं आयोजकों ने ग्राउंड को ठीक करवा कर इसकी जगह भव्य ग्राउंड बनाने की मांग की। विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने इस मौके पर आयोजकों को शानदार प्रतियोगिता का आयोजन करवाने के लिए बधाई दी। उन्हें आश्वासन दिया कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस जगह भव्य ग्राउंड बनाया जाएगा। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष केवल धीमान, केशवदास लखनपाल, मनजीत सिंह, रविंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
---