गौतम कॉलेज में जिला महोत्सव पर लगाई प्रदर्शनी में सामान को देखते केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर।
बिझड़ी (हमीरपुर)। शौर्य जागरण यात्रा के शुभारंभ पर रविवार को हमीरपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भव्य राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। यह 2024 जनवरी में पूरा हो जाएगा। मंदिर निर्माण से पहले लोगों में जन जागरण अभियान की आवश्यकता है। इसी के चलते पूरे भारतवर्ष में जागरण यात्राएं हो रही हैं। विपक्षी पार्टियों पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कुछ लोगों को सनातन धर्म रास नहीं आ रहा है। वे नहीं चाहते कि धर्म और संस्कृति का प्रसार हो। अब वह दिन दूर नहीं जब राम राज्य स्थापित होगा। इसके बाद अनुराग ठाकुर ने शौर्य जागरण यात्रा को हर झंडी देकर रवाना किया। इसके लिए अनुराग ठाकुर ने जिला हमीरपुर के विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के लोगों का भी अभिनंदन किया।
शौर्य जागरण यात्रा 5 दिनों तक चलेगी और जिला हमीरपुर के विभिन्न स्थानों से होकर गुजरेगी। कार्यक्रम की शुरुआत में मंत्र उच्चारण के साथ पूजा पाठ किया गया। इस पूजा पाठ में मंदिर के महंत राजेंद्र गिरी भी उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।