जिला भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी के कार्यक्रम के लिए कमर कस ली है। हमीरपुर के परिधि गृह में भाजपा वरिष्ठ नेतृत्व की बैठक का आयोजन किया गया।
जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल विशेष रूप से उपस्थित रहे। भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के 31 जनवरी के हमीरपुर एक दिवसीय प्रवास के प्रबंधों पर गहनता से विचार विमर्श किया गया। कार्यक्रम स्थल डीएवी सलासी तय किया गया है। यह कार्यक्रम डीएवी स्कूल सलासी में रविवार, 31 जनवरी दोपहर 2:00 बजे शुरू होकर 3 बजे तक चलेगा।
इससे पहले यह कार्यक्रम एनआईटी हमीरपुर के सभागार में प्रस्तावित किया गया था। इस मौके पर धूमल ने केंद्रीय मंत्री के एकदिवसीय कार्यक्रम की फीडबैक भी ली। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री पंचायती राज संस्थाओं के चुने गए नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगी और उनसे केंद्रीय बजट में उनके क्षेत्र के विकास बारे क्या बजट प्रावधान किए जा सकते हैं, पर प्रतिनिधियों के सुझाव लिए जाएंगे।
इस मौके पर जिला प्रभारी संजीव कटवाल, जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, मंडल अध्यक्ष बलदेव, देश राज शर्मा, जिला महामंत्री राकेश ठाकुर, सह मीडिया प्रभारी डॉ. आदित्य पुरी, तेज प्रकाश चोपड़ा, अंकुश दत्त, नगर परिषद के उपाध्यक्ष दीप कुमार बजाज, संदीप भारद्वाज, साहिल राणा, सुरेश सोनी, राजेश गौतम, हरीश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया।