अमर उजाला के अंक में प्रकाशित संवाद न्यूज एजेंसी की खबर
बड़सर (हमीरपुर)। नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद बड़सर में शहरी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में प्रशासन ने कदम तेज कर दिए हैं। नगर पंचायत ने छह सफाई कर्मचारियों की तैनाती और मैहरे तथा बड़सर बाजार में हाई मास्ट लाइटें लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। नगर पंचायत के तहत तैनात किए जाने वाले सफाई कर्मचारी शहर की नियमित सफाई के साथ-साथ नालियों की सफाई की व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने का कार्य करेंगे।
हालांकि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था शुरू होने में अभी कुछ समय लगेगा, क्योंकि इसके लिए आवश्यक स्थान चयनित नहीं हो पाया है। लोगों की समस्या को देखते हुए संवाद न्यूज एजेंसी की अमर उजाला के अंक में बड़सर में नगर पंचायत बनने के बाद सफाई व्यवस्था अधर में, लोग परेशान... शीर्षक के साथ खबर प्रकाशित की गई थी।
इस पर नगर पंचायत के अधिकारियों ने शीघ्र ही कदम उठाने का आश्वासन दिया था। नगर पंचायत क्षेत्र के गारली चौक और बड़सर में हाई मास्ट लाइटें स्थापित कर रात के समय बेहतर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। इन दोनों कार्यों पर करीब 10 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
नगर पंचायत बनने के बाद भी नियमित सफाई व्यवस्था शुरू नहीं हो पाई थी। अब प्रशासन ने इसे प्राथमिकता देते हुए आवश्यक प्रक्रियाएं शुरू कर दी हैं। नगर पंचायत को विकास कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये का अनुदान भी स्वीकृत हो चुका है, जिसके माध्यम से विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
एसडीएम स्वाति डोगरा ने बताया कि हाई मास्ट लाइटें लगाने और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।