भड़ोली भगौर में तीन दिवसीय ऐतिहासिक मेले के समापन पर मुख्यातिथि को सम्मानित करते मेला कमेटी के
धनेटा (हमीरपुर)। बुधवार को भड़ौली भंगौर में आयोजित तीन दिवसीस ऐतिहासिक मेले का समापन हो गया। मेले में प्रसिद्ध पंजाबी गायिका मटो, गायक गुपिंदर गुप्पी और पहाड़ी गायक पंकज और शैलजा ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
इस दौरान गायक शैलजा ने पहाड़ी गाना भेड़ां तेरियां हो...से खूब समां बांधा और लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके अलावा पंजाबी गायकों ने एक तारा बजदा वे रांझणां नूर महल दी मोरी और दुप्पटा तेरा सत रंग दा...आदि की प्रस्तुति दी।
वहीं, शाम पांच बजे तक चले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए और मेले की रौनक को दोगुना कर दिया। इस अवसर पर गोसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सुखदेव महता और लेफ्टिनेंट नरैण मेमोरियल पब्लिक स्कूल घड़ोह के छात्र विकल्प बेदी को सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीएसपी नादौन प्रताप सिंह ने मेला आयोजकों और क्षेत्रवासियों को इस सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
मेला कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस मेले में सुखदेव शास्त्री (प्रदेशाध्यक्ष गोशालाएं), रमेश चंद शर्मा, सुनील दत्त बिट्टू (पूर्व चेयरमैन) आदि उपस्थित रहे। अंत में मेला कमेटी ने समस्त ग्रामवासियों और सहयोगी जनों का धन्यवाद करते हुए घोषणा की कि अगला मेला और भी अधिक भव्यता और तैयारी के साथ आयोजित किया जाएगा।