जाहू/हमीरपुर। प्रदेश की एक गायिका के सहयोगी युवक को बालों से घसीटकर स्टूडियो के बाहर सरेआम पिटाई करने का मामला सामने आया है। सहयोगी और गायिका ने मामले की दो अलग-अलग शिकायतें पुलिस को दी हैं। जाहू कस्बे में हुई इस मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में महिलाओं समेत कुछ लोग गायिका के सहयोगी युवक को चप्पलों से पीट रहे हैं। पीड़ित युवक ने भी इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के बाद छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
इस मामले को घरेलू हिंसा के साथ भी जोड़ा जा रहा है। इस वीडियो में जो महिलाएं व लोग युवक को पीट रहे हैं, वह गायिका के रिश्तेदार हैं। गायिका ने अपने पति समेत रिश्तेदारों के खिलाफ पुलिस में मारपीट की शिकायत देते हुए खुद को इनसे खतरा बताया है। महिला ने शिकायत में कहा है कि 13 सितंबर को उसका पति अपने साथ चार दर्जन लोगों को लेकर जाहू आया और दुकान पर काम करने वाले उसके सहयोगी के साथ मारपीट की। उसने अपने पति के खिलाफ पहले ही कोर्ट में अर्जी दे रखी है। वहीं, मारपीट में घायल युवक की शिकायत के बाद पुलिस ने दूसरे पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। उधर, गायिका के पति ने भी महिला के खिलाफ उसकी गैर मौजूदगी में उसका सामान और धोखा देने की शिकायत बिझड़ी पुलिस चौकी में दर्ज करवाई है। बिझड़ी चौकी प्रभारी पूर्णभगत ने कहा कि ऐसी शिकायत व्यक्ति ने दर्ज करवाई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उधर, पुलिस अधीक्षक हमीरपुर कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। दोनों मामलों की जांच चल रही है।