हमीरपुर। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में सांप काटने पर लगाए जाने वाले एंटी स्नेक वेनम टीकों का टोटा हो गया है। मेडिकल कॉलेज में केवल 40 टीके ही बचे हैं।
मेडिकल कॉलेज में हर तीन महीने के बाद दवाइयों और टीकों की सप्लाई की जाती है। कुछ महीने पहले टीकों की सप्लाई की गई थी, लेकिन अभी तक टीके नहीं मिले हैं। मेडिकल कॉलेज में सामान्य तौर पर 500 एंटी स्नेक वेनम टीके उपलब्ध होते हैं, लेकिन अभी तक टीकों की सप्लाई नहीं आई है। मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में दो से तीन जिलों के मरीज आते हैं।
कॉलेज में सप्ताह में दो से तीन सर्पदंश के मामले आ जाते हैं। ऐसे में मेडिकल कॉलेज में सिर्फ 40 एंटी स्नेक वेनम के इंजेक्शन बचना परेशानी बढ़ा सकती है। कभी-कभी तो एक मरीज को एक से अधिक टीके भी लगाए जाते हैं। टीकों के अभाव में मेडिकल कॉलेज आने वाले सर्पदंश के मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
मेडिकल कॉलेज हमीरपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देसराज शर्मा ने बताया कि कॉलेज के पास करीब 40 एंटी स्नेक वेनम टीके हैं। टीकों का प्रबंध करने के लिए मेडिकल कॉलेज प्रयास कर रहा है। जल्द ही टीके उपलब्ध हो जाएंगे।
सर्पदंश में यह उपाय अपनाए
- तुरंत ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल ले जाएं।
- मांसपेशियों की रगड़ से जहर तेजी से फैलता है। इसलिए मरीज को चलने न दें।
- मरीज को बगैर डॉक्टर की सलाह के दवा न दें।
- मरीज जूते पहने हो तो उतार दें, कपड़े सुविधाजनक हों तो न उतारें।
- जख्म को धोकर उस पर पट्टी बांध दें।