हमीरपुर मुख्य बाजार में प्रवासियों द्वारा खंभे के साथ तिरपाल डालकर सजाई दुकानदारी। संवाद
हमीरपुर। हमीरपुर शहर के मुख्य बाजार में बढ़ता अतिक्रमण हादसे का कारण बन सकता है। स्कूल परिसर के समीप अस्थायी दुकानें सजने से जहां आवाजाही प्रभावित हो रही है, वहीं शहर की सुंदरता पर भी असर पड़ रहा है।
दुकानदारों ने बिजली के खंभों के आसपास तिरपाल लगाकर सामान रखने और दुकान लगाने की व्यवस्था कर ली है। बिजली के तारों और खंभों के नजदीक तिरपाल लगाए जाने से सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शॉर्ट सर्किट होने पर तिरपाल और आसपास रखा सामान आग पकड़ सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से स्कूल परिसर व बिजली के खंभों के आसपास किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाने की मांग की है।
साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित निगरानी और कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम ने निकासी नालियों के समय अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किए थे, लेकिन उनका कोई असर नहीं हुआ।
तिरपाल लगाकर दुकानदारी की जा रही है और दीवार पर लगाए गए बोर्ड से भी छेड़छाड़ की गई है। नगर निगम हमीरपुर के आयुक्त राकेश कुमार शर्मा ने कहा कि इस संबंध में जांच की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी।