हमीरपुर बाजार में धूप खिलने के बाद शनिवार को खरीदारी करते हुए महिलाएं। संवाद
हमीरपुर। जिले में तीन दिन लगातार बारिश होने के बाद शनिवार को धूप खिलने से दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। धूप खिलने से खाली बाजारों में रौनक लौटी तथा लोगों ने खूब खरीदारी की। धूप खिलने से लोगों ने गर्मी के मौसम के अनुसार कपड़ों की खरीदारी की, जिससे दुकानदारों को राहत मिली है।
जिले में लगातार बारिश होने के कारण बाजार में लोगों की आवाजाही कम हो गई थी। बारिश के कारण लोग अधिक खरीदारी नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में कारोबार पर भी प्रभाव पड़ रहा था। बारिश से ठंड बढ़ने के कारण लोगों ने गर्मी के मौसम के कपड़ों की खरीद भी कम कर दी थी। दुकानदारों के अनुसार तीन दिन तक लोगों की आवाजाही बिल्कुल कम हो गई थी।
अब मौसम एक बार फिर साफ होने से दुकानदारों के चेहरों पर मुस्कान लौटी है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अब अगर मौसम साफ रहता है तो उनके लिए लाभदायक रहेगा। दुकानदार सुनील कुमार, राजेश कुमार, राकेश शर्मा, विशाल आदि का कहना है कि बारिश होने से कारोबार मंदा हो गया था। अब धूप खिली है तो कारोबार अच्छा होने की उम्मीद है।