हमीरपुर। बस अड्डा हमीरपुर के सामने स्थित स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स में किराया न चुकाने वाले 28 दुकानदारों ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से किराया कम करवाने की मांग की है। हालांकि, दुकानदारों ने कुल 70 लाख के किराये में से तीन लाख का भुगतान कर दिया है।
वहीं, किराए न चुकाने पर नगर परिषद ने दुकानदारों पर केस किए थे। एसडीएम कोर्ट में केस की तीन पेशियों के बाद दुकानदारों ने एक-एक करके 70 लाख रुपये में से तीन लाख रुपये का भुगतान कर दिया था। वहीं, 28 दिसंबर को हुई पेशी के बाद दुकानदारों ने किराए को कम करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र भेजा था।
लंबे समय से स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स में किराये का भुगतान न करने पर नगर परिषद दुकानदारों को नोटिस भेज रही है। मगर दुकानदार किराये का भुगतान नहीं कर रहे थे। दुकानदारों की बकाया किराया राशि 70 लाख रुपये पहुंच गई है। ऐसे में नगर परिषद की ओर से इन डिफाल्टर दुकानदारों पर एसडीएम कोर्ट में केस किए गए।
कोर्ट की पहली पेशी में दुकानदारों ने दुकानों की स्थिति, किराया अधिक और आय न होने का तर्क दिया। वहीं, कुछ दुकानदार पेशी में नहीं पहुंचे थे। दूसरी और तीसरी पेशी के बाद दुकानदारों से किराया वसूला गया। अब चौथी पेशी के बाद दुकानदारों ने मुख्यमंत्री को मांगपत्र भेजा है।
गौर हो कि वर्तमान में स्पोर्ट्स शॉपिंग कांप्लेक्स में कुल 201 दुकानें हैं। इनमें से 61 दुकानें नगर परिषद हमीरपुर के अधीन हैं। नगर परिषद ने 61 में से 31 दुकानों को किराये पर आवंटित किया था, जबकि अन्य दुकानें अभी खाली चल रही हैं। वहीं, 28 दुकानदार किराये का भुगतान नहीं कर रहे थे, जिन्होंने कोर्ट में पेशी के बाद कुछ किराए का भुगतान किया है। संवाद