साढ़े पांच माह के कार्यकाल में चिट्टा तस्करी पर कड़ी चोट कर गए यादेश ठाकुर
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। साढ़े माह के छोटे से कार्यकाल में सदर थाना हमीरपुर के एसएचओ निरीक्षक यादेश ठाकुर चिट्टा तस्करी की चेन पर कड़ी चोट कर गए हैं। उनका तबादला अब जिला कांगड़ा के लिए हो गया है।
फरवरी में उन्होंने सदर थाना प्रभारी के रूप में कार्यभार संभाला था। इस दौरान चिट्टा तस्करी के मामलों की जांच में उन्होंने बेहतर कार्य कर बड़े तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचाया। पंजाब के होशियारपुर, फिरोजपुर सहित हमीरपुर के बड़े चिट्टे तस्कर उनके इस कार्यकाल में पुलिस के हत्थे चढ़े। आधा दर्जन से अधिक मामलों में तह तक जाकर पंजाब से बड़े तस्कर तक पहुंच कर मुख्य आरोपियों को धरने में सफलता हासिल की।
इस कार्यकाल में बलजिंद्र, जितेंद्र, पवन खोसला, संजय बौंटा, आशीष, हकीकत सिंह जैसे बड़े तस्करों को सदर पुलिस ने धरा। बलजिंद्र की फॉच्यूर्नर सहित कई लग्जरी गाड़ियों को कब्जे में लिया गया।
वहीं, निरीक्षक कुलवंत राणा ने बतौर थाना प्रभारी शनिवार को कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी पर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रयास रहेगा कि लोगों को निष्पक्षता से न्याय मिले। कुलवंत राणा इससे पहले एसआईयू हमीरपुर के प्रभारी के तौर पर सेवाएं दे रहे थे। वह भोरंज और कुल्लू थाना में बतौर थाना प्रभारी सेवाएं दे चुके हैं।