सुजानपुर (हमीरपुर)। सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा ने अपना 48वां स्थापना एवं वार्षिक दिवस समारोह धूमधाम के साथ मनाया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अनुराग सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि विधायक कैप्टन रंजीत सिंह राणा विशेष अतिथि मौजूद रहे।
समारोह में कैडेट शिवांश को विद्यालय का सर्वश्रेष्ठ कैडेट घोषित किया गया और उनकी अनुपस्थिति में उनके अभिभावकों को विपुल चंद्र मेमोरियल ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। इससे पूर्व समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ग्रुप कैप्टन रचना जोशी, उप-प्रधानाचार्य कमांडर अक्षय साहू, प्रशासनिक अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल राजिंदर सिंह, अध्यापकगण एवं कैडेट्स ने मुख्य अतिथि का विद्यालय पहुंचने पर हार्दिक स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई, जिसके पश्चात मास पीटी, हाई हॉर्स, झांकी प्रदर्शन, ध्वज प्रदर्शन तथा विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां जैसे नाटी, लावणी लोक नृत्य, भांगड़ा और दक्षिण भारतीय नृत्य ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
वहीं, रंगारंग कार्यक्रम में बच्चों की प्रस्तुतियों और साहसिक गतिविधियों ने दर्शक दीर्घा में बैठे मुख्य अतिथि और उपस्थित जनसमूह का दिल जीत लिया। प्रधानाचार्या ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की और सत्र 2024-25 के दौरान कैडेट्स की उल्लेखनीय उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि ने सत्र 2024-25 में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सदनों को ट्रॉफियां प्रदान कीं।
इसमें यमुना हाउस ने मेजर नीरज शर्मा एनडीए ट्रॉफी, प्राथमिक ट्रॉफी तथा मेजर सुधीर वालिया कॉक हाउस ट्रॉफी जीती। रवि हाउस को जीओसी-इन-सी पश्चिमी कमान ट्रॉफी (शैक्षिक उत्कृष्टता) तथा मेजर राकेश शर्मा खेल ट्रॉफी से सम्मानित किया गया, जबकि सतलुज हाउस ने कैप्टन नितिन गौतम स्मृति साहित्यिक ट्रॉफी प्राप्त की।
इसके अतिरिक्त जिन कैडेट्स ने सत्र 2024-25 की मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, उन्हें रेड ब्लेजर से सम्मानित किया गया। उमेश कुमार मोदगिल (पीजीटी गणित) एवं जयकृष्ण वर्मा (टीजीटी समाजशास्त्र) को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।
देश में 33 सैनिक स्कूल, सुजानपुर एनडीए की नर्सरी : अनुराग
छात्रों को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि सैनिक स्कूल सुजानपुर ने अपनी स्थापना के 48 वर्षों में शिक्षा, खेल और सेना में चयन के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। यह मात्र एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि देशभक्ति और राष्ट्रीयता सिखाने वाला विद्यालय है। पूरे भारत में 33 सैनिक स्कूल हैं, लेकिन सुजानपुर सैनिक स्कूल को एनडीए की नर्सरी कहा जाता है। यहां पढ़ने वाला हर बच्चा राष्ट्र का धरोहर और सुरक्षा का प्रहरी है।
23वें बैच ने चार कंप्यूटर, दो लैपटॉप किए भेंट
इसी क्रम में विद्यालय के 23वें बैच के पूर्व छात्र ने बैच की सिल्वर जुबली मनाते हुए विद्यालय में एक एडवांस्ड टेक्नोलॉजिकल लैब का उद्घाटन किया। उन्होंने विद्यालय को चार कंप्यूटर, दो लैपटॉप और चार यूपीएस भेंट किए। विद्यालय प्रशासन ने 23वें बैच के इस सराहनीय योगदान के लिए उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि यह लैब विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी।
सैनिक स्कूल सुजानपुर में आयोजित सालाना समारोह में प्रस्तुति देते विद्यार्थी। संस्थान।