हमीरपुर। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान हमीरपुर में विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य पर मंगलवार को एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. सुनील वर्मा ने किया।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य एचआईवी-एड्स के बारे में जागरुकता फैलाना और संक्रमण को रोकने के उपायों के बारे में जानकारी प्रदान करना है। इस अवसर पर एचआईवी-एड्स पर आधारित पोस्टर और भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। पोस्टर प्रतियोगिता में शिवानी प्रथम, स्मृति द्वितीय और सारिका तृतीय रही।
भाषण प्रतियोगिता में प्रियंका ने पहला, किरण ने द्वितीय और नेहा राणा ने तृतीय स्थान हासिल किया। इन सभी विजेताओं को डॉ. सुनील वर्मा ने पुरस्कृत किया। संस्थान के प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने कहा कि विश्व एड्स दिवस का उद्देश्य एचआईवी-एड्स के बारे में जागरुकता बढ़ाना और संक्रमण को रोकने के लिए लोगों को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन के लिए जिला एड्स कार्यक्रम अधिकारी का धन्यवाद किया और सभी प्रतिभागियों एवं विजेताओं को बधाई दी।