हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष पर सप्ताह भर चलने वाली महिलाओं की खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रमोद पटियाल ने किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष पर कॉलेज में महिलाओं के लिए विभिन्न खेल गतिविधियां करवाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राएं, शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक डॉ. पवन वर्मा के नेतृत्व में विभिन्न पंचायतों में जाकर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता मुख्य तौर पर महिलाओं के लिए करवाई जा रही हंै।
इस दौरान शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक डॉ. पवन वर्मा ने कहा कि सप्ताह भर चलने वाली महिला वर्ग की खेलों में प्रथम दिन एथलेटिक्स के 100 मीटर, 400 मीटर और लंबी कूद की स्पर्धाएं करवाई गईं। जिसमें 100 मीटर दौड़ मेंं शिल्पा शर्मा प्रथम, काजल द्वितीय, ममता तृतीय, 400 मीटर दौड़ में किरण प्रथम, रितिका द्वितीय, प्रियंका तृतीय और लंबीकूद प्रतियोगिता में शालू प्रथम, नेहा देवी द्वितीय और मनीषा तृतीय स्थान पर रही। डॉ. पवन वर्मा ने कहा कि सप्ताहभर चलने वाली प्रतियोगिता में जूडो, रेसलिंग, बास्केटबॉल, बैडमिंटन और वालीबाल की प्रतियोगिता भी करवाई जाएंगी। इस अवसर पर डॉ. चंदन भारद्वाज , डॉ. नीलम गुलेरिया, डॉ. नीरज शर्मा और डॉ. मंजुला सहित अन्य उपस्थित रहे।