हमीरपुर। राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने बडोहग पटवार वृत्त को कांगू से उपतहसील गलोड़ शिफ्ट करने की निंदा की है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री सुक्खू सरकार का जनविरोधी कदम बताया है।
मीडिया को दिए बयान में डॉ. सिकंदर ने कहा कि बडोहग पटवार वृत्त के अंतर्गत बढ़ेड़ा, ढगो, सासण ब्राह्मणा, कारघू खालसा, कारघू जागीर, सनाही कलां, सनाही खुर्द, कोहलवीं, चलैली, हार मसंदा जैसे 12 गांवों आते हैं। इन गांवो के हजारों लोगों को बडोहग में पटवार वृत्त होने से राजस्व के काम करवाने में सुविधा मिल रही थी।
उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार सत्ता में आने के पहले दिन से ही जनसुविधाओं के विरुद्ध कार्य कर रही है। बडोहग पटवार वृत्त कांगू से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर है, जबकि गलोड़ उपतहसील लगभग 14 किलोमीटर की दूरी पर है, जिससे लोगों पर समय और धन दोनों को अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि किसी भी सरकार का पहला दायित्व जनता को सुविधा मुहैया करवाना और उनके हितों की रक्षा करने का होता है, लेकिन लगता है कि वर्तमान कांग्रेस सरकार को जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है।
डॉ. सिकंदर ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि बडोहग पटवार वृत्त को गलोड़ उपतहसील शिफ्ट किए जाने की अधिसूचना को जनहित में तुरंत प्रभाव से वापस लिया जाए अन्यथा स्थानीय जनता अपने हक के लिए संघर्ष करने को मजबूर होगी।