रंगस (हमीरपुर)। विकास खंड नादौन में विकास कार्यों की छठी समीक्षा बैठक का आयोजन गाहलियां में किया गया। खंड विकास अधिकारी नादौन निशांत शर्मा ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान प्लास्टिक कचरा प्रबंधन के लिए एक विस्तृत प्लान बनाया गया है।
इसके तहत हर गांव में प्लास्टिक को संग्रहित करने के लिए शेड बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इससे गांवों से प्लास्टिक कचरा इकट्ठा किया जाएगा। बैठक में मनरेगा के कार्यों का धीमा गति, 15वें वित्त आयोग के तहत लंबित पड़ी धनराशि और आवास योजना के कार्यों में देरी सहित अन्य समस्याएं सामने आई हैं।
इन कमियों को दूर करने हेतु दो माह में सभी मद की फाइल पूर्ण करने और लोगों के कार्य करवाने के निर्देश दिए। निष्पक्ष बीपीएल चयन और आवास योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। बरसात के मौसम में हुए नुकसान पर स्थानीय स्तर पर तुरंत राहत कार्य करने के लिए निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत भी कार्य किया जा रहा है।
इस बैठक में जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, कनिष्ठ अभियंता और ग्राम रोजगार सेवकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
बॉक्स
प्लानिंग मद में लंबित कार्यों की संख्या में कमी
विकास खंड नादौन में प्लानिंग मद में लंबित कार्यों की संख्या में कमी आई है। एक वर्ष में 1000 के आसपास कार्य पूर्ण किए गए हैं, जो सर्वाधिक हैं। मनरेगा में विकास खंड नादौन जिले में पहले स्थान पर रहा है। आपदा राहत कार्यों में भी उल्लेखनीय कार्य किया गया है। लगभग 4000 से अधिक परिवारों के घरों में सुरक्षा दीवारें व गौशालाएं तैयार करवाई गई हैं।