सुजानपुर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय सुजानपुर में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पोस्टर मेकिंग, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं।
पोस्टर मेकिंग में शौर्य जैन, भाषण प्रतियोगिता में संजना और रंगोली में नैंसी एवं टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। इस दाैरान रेड रिबन क्लब, फूड, हेल्थ एवं जेंडर समिति और स्वास्थ्य विभाग सुजानपुर के संयुक्त तत्वावधान में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. विभा ठाकुर ने अनीमिया के कारणों और इससे बचाव के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. एनडी खन्ना ने विद्यार्थियों को पौष्टिक आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से डॉ. दीक्षा, अजय और सरोजना ने भाग लिया। डॉ. दीक्षा ने विद्यार्थियों को पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली की जानकारी दी।
इस अवसर पर उपप्राचार्य प्रो. प्रमोद शर्मा सहित महाविद्यालय के शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी मौजूद रहे।
संशोधन : सोनम शर्मा