शहर के सभी 11 वार्डों में पार्कों का किया जाएगा निर्माण
निर्माण कार्यों पर लाखों रुपये का बजट किया जाएगा खर्च
नगर परिषद ने निर्माण कार्य के लिए तैयार किया प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर के सभी वार्डों में अब पार्कों की सुविधा होगी। शहर से लेकर वार्डों में पार्क बनाए जा रहे हैं। राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर के सामने पार्क के साथ शनिदेव की मूर्ति स्थापित की जाएगी। पार्क के निर्माण कार्य पर लाखों रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। नगर परिषद हमीरपुर ने निर्माण कार्य का प्रस्ताव बनाकर ग्रामीण एवं शहरी विकास विभाग को भेजकर बजट की मांग की है। बजट राशि जारी होने पर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
वर्तमान में नगर परिषद हमीरपुर ने बाल स्कूल हमीरपुर के सामने स्थित रेहड़ियों को हटाकर पार्क बनाने और पार्क के साथ शनिदेव की मूर्ति स्थापित करने का कार्य शुरू कर दिया है। निर्माण कार्य के लिए बजट और अन्य सामग्री भी रख दी गई है। शीघ्र ही कार्य को पूरा कर दिया जाएगा। वहीं, अन्य वार्डों में पार्कों का निर्माण करने के लिए बजट आने के बाद कार्य शुरू होगा। शहर के बीच पार्क न होने से बच्चों और बुजुर्गों को सैर करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोगों की सुविधा के लिए नगर परिषद की ओर से पार्कों का निर्माण करवाया जा रहा है। इस बारे में नगर परिषद हमीरपुर के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ठाकुर ने कहा कि बाल स्कूल हमीरपुर के सामने पार्क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। निर्माण कार्य पूरा होते ही अन्य वार्डों में भी पार्कों का निर्माण कार्य करवाया जाएगा, ताकि लोगों को सुविधा मिल सके।