दियोटसिद्ध से शाहतलाई संपर्क सड़क खस्ताहाल।(संवाद)
बिझड़ी (हमीरपुर)। बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध की तपोस्थली शाहतलाई से दियोटसिद्ध संपर्क खस्ताहाल बनी हुई है। विभागीय अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। सड़क के दो जिलों के संगम स्थल पर होने के कारण विभागीय अधिकारी मरम्मत कार्य में आनाकानी कर रहे हैं। इसका खामियाजा बाबा बालक नाथ मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को भुगतना पड़ रहा है। दो वर्ष पूर्व चैत्र माह मेलों के दौरान विभाग की ओर से संपर्क सड़क की मरम्मत करवाई गई थी लेकिन वर्तमान में पांच किलोमीटर सड़क पर जगह-जगह गड्ढ़े पड़े हुए हैं।
इससे वाहन चालकों के साथ राहगीरों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों जगदीश, दिलीप, रजत, निक्का, कांता, कंचन कुमारी, सुमन देवी आदि ने कहा कि प्रति वर्ष लाखों की संख्या में श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर दियोसिद्ध की तपोस्थली शाहतलाई से पैदल और दंडवत होते हुए बाबा की गुफा तक पहुंचते हैं लेकिन खस्ताहाल संपर्क सड़क के कारण उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि शाहतलाई से दियोटसिद्ध संपर्क सड़क लोक निर्माण विभाग बड़सर और लोक निर्माण विभाग झंडूता बिलासपुर दोनों के अधिकार क्षेत्र में आता है। दोनों सिर्फ चैत्र मास के मेलों के नजदीक नजर आते हैं और पूरा वर्ष इस सड़क मार्ग पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता। इसके चलते सड़क के दोनों किनारे खराब हो चुके हैं और सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है। इस बारे में एसडीएम बड़सर रोहित शर्मा ने कहा कि संपर्क सड़क की मरम्मत के लिए विभागीय अधिकारियों से बातचीत की जाएगी ताकि श्रद्धालुओं को आवाजाही में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।