हमीरपुर। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के आसपास का माहौल पिछले डेढ़ सप्ताह से तनावपूर्ण बना हुआ है। जेएनयू मामले से शुरू हुई एसएफआई और एबीवीपी के कार्यकर्ताओं की लड़ाई खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आए दिन कॉलेज कैंपस के आसपास हो रहे लड़ाई झगड़ों से माहौल खराब हो रहा है। दोनों छात्र संगठन एक दूसरे पर माहौल खराब कर मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। बुधवार को भी राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के लाइब्रेरी गेट और प्रवेश गेट के पास दो अलग अलग झड़पें हुईं। इनमें करीब चार छात्रों को चोटें आई है।
पहले झगड़े में लाइब्रेरी गेट के पास दोनों संगठनों के कुछ कार्यकर्ता बीते दिनों सोशल मीडिया पर आपस में हुई कुछ टिप्पणियों के चलते आपस में झगड़ गए। इस दौरान तीन छात्र जख्मी हो गए। इनमें दो छात्र एक संगठन जबकि, एक छात्र दूसरे संगठन का शामिल है। वहीं, दूसरे झगड़े में एक संगठन का कार्यकर्ता कॉलेज के कैंटीन गेट के पास था, तभी एक बाहरी युवक और उसमें झगड़ा हो गया। इसमें भी कॉलेज छात्र को चोटें आई हैं। इस मामले में भी छात्र ने पुलिस में शिकायत दी है। उधर, थाना प्रभारी सदर संजीव गौतम का कहना है कि एक मामले में क्रॉस केस दर्ज कर लिया गया है। जबकि दूसरे मामले की छानबीन की जा रही है। वहीं प्रधानाचार्य डा. अंजू बत्ता सहगल का कहना है कि यह झगड़े कॉलेज कैंपस में नहीं हुए हैं। दोनों छात्र संगठनों ने उन्हें बाकायदा माहौल को सौहार्दपूर्ण रखने के लिए लिखित पत्र दिए हैं।
एबीवीपी के आउटसाइडर ने किया हमला
एसएफआई जिला अध्यक्ष संतोष अत्री का कहना है कि पहले मामले में तो एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने एसएफआई के कार्यकर्ता पर एकदम हमला कर दिया। इस कारण दो कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। दूसरे मामले में एबीवीपी के आउटसाइडर कार्यकर्ता ने एसएफआई कार्यकर्ता पर हमला कर उसे घायल कर दिया। संतोष ने कहा कि एबीवीपी के कार्यकर्ता पूर्व नियोजित ढंग से कॉलेज में लड़ाई करने के उद्देश्य से आ रहे हैं और माहौल खराब कर रहे हैं। पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई है।
एसएफआई कार्यकर्ताओं ने किया हमला
एबीवीपी के कैंपस प्रधान हनी का कहना है कि जब एबीवीपी के कुछ छात्र लाइब्रेरी गेट की तरफ जा रहे थे तो एसएफआई के कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला कर दिया। इसमें एक कार्यकर्ता को चोटें आई हैं। वहीं, कंपार्टमेंट का पेपर देने आए एक पूर्व कार्यकर्ता के साथ ही एसएफआई के कार्यकर्ता झड़प गए। हनी ने कहा कि एसएफआई कॉलेज का माहौल खराब कर रही है। पुलिस में शिकायत दे दी गई है और उचित कार्रवाई की मांग की गई है।
--