बड़सर (हमीरपुर)। राजकीय महाविद्यालय बड़सर में शिक्षकों के सात पद रिक्त होने से 504 विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। जूलॉजी, भूगोल और संगीत (वोकल) जैसे विषयों की कक्षाएं भी ऑनलाइन माध्यम से लगाई जा रही हैं।
ऐसे में विद्यार्थियों को नियमित कक्षाओं में शिक्षकों का मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है। महाविद्यालय में कुल 20 स्वीकृत शिक्षण पदों में से सात खाली हैं। रिक्त पदों में अंग्रेजी के दो, जबकि भूगोल, संगीत (वोकल), गणित, भौतिक विज्ञान और जूलॉजी का एक-एक पद शामिल है।
हाल ही में रसायन विज्ञान विषय के रिक्त पद पर शिक्षक की नियुक्ति होने से खाली पदों की संख्या आठ से घटकर सात रह गई है। महाविद्यालय में बीए, बीएससी और बीकॉम के 284 विद्यार्थी, जबकि बीबीए और बीसीए के 220 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
शिक्षकों की कमी के बावजूद पढ़ाई सुचारू रखने के लिए समयसारिणी में भी बदलाव किया गया है। इसके अलावा महाविद्यालय में शारीरिक शिक्षा शिक्षक का पद भी स्वीकृत नहीं है। इससे विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में नियमित मार्गदर्शन नहीं मिल पा रहा है।
विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने सरकार और उच्च शिक्षा विभाग से रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई के बजाय नियमित कक्षाओं में शिक्षकों का मार्गदर्शन मिल सके।
कोट
जूलॉजी, भूगोल और संगीत (वोकल) विषयों के लिए राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर से तीन शिक्षक डेपुटेशन पर आते थे, लेकिन अब इन विषयों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से करवाई जा रही है।
-सुनीता शर्मा, प्राचार्य, राजकीय महाविद्यालय बड़सर