समिति ने विभाग को चेताया, समस्या का हल नहीं हुआ तो डिपुओं पर लगाएंगे ताले
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। प्रदेशभर में पीडीएस डिपुओं पर लगाई गई पॉस मशीनों में आए दिन सर्वर डाउन की समस्या के चलते डिपोधारक और उपभोक्ता दोनों ही परेशान हैं। प्रदेश डिपो संचालक समिति के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कवि ने प्रेस बयान में कहा कि गत वर्ष जुलाई से लगातार हर माह के अंतिम सप्ताह में डिपुओं पर लगी मशीनों का सर्वर डाउन हो जाता है। सर्वर डाउन होने की वजह से मशीनों में न तो उपभोक्ताओं की अंगुलियों के निशान लगते हैं और न ही उपभोक्ताओं के मोबाइल पर ओटीपी जाता है। ऐसी स्थिति में डिपो धारक उपभोक्ताओं को राशन वितरित करने में असमर्थ रहते हैं।
इस माह भी पिछले करीब पांच दिन से सर्वर डाउन है, लेकिन विभाग समस्या का समाधान नहीं कर रहा है। छुट्टी वाले दिन सभी विभागीय अधिकारी अवकाश पर होते हैं और डिपो धारक अपने डिपुओं में। जब मशीनों में सर्वर डाउन होता है तो कोई भी अधिकारी डिपो धारकों की बात सुनने के लिए उपलब्ध नहीं होता है। उन्होंने कहा कि खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग मुख्यमंत्री के पास है लेकिन फिर भी विभागीय अधिकारियों को इसकी जरा भी परवाह नहीं है। उन्होंने सरकार व विभाग से इस समस्या का स्थाई हल निकालने की मांग की अन्यथा अन्य विकल्पों से राशन वितरित करने के आदेश ज़ारी करने की मांग की। उन्होंने सरकार को चेताया कि लोकसभा चुनावों से पूर्व डिपो धारकों के साथ किए गए वायदे को शीघ्र पूरा किया जाए अन्यथा प्रदेशभर के डिपोधारक डिपुओं पर ताले लगाने को मजबूर होंगे।