हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में एक वरिष्ठ अधिकारी पर महिला स्टाफ और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार के गंभीर आरोप लगे हैं। महिला स्टाफ और कुछ छात्राओं की लिखित शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित की।
जांच कमेटी सोमवार को हमीरपुर पहुंची और कॉलेज में महिला स्टाफ, छात्राओं तथा अन्य कर्मचारियों से विस्तृत बातचीत की। शिकायत में आरोप लगाए गए हैं कि आरोपी अधिकारी ने कई बार अनुचित व्यवहार किया और कुछ छात्राओं तथा स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि कमेटी पूरे मामले की तथ्यों और घटनाओं की गहन जांच कर रही है।
कॉलेज प्रशासन से भी आवश्यक दस्तावेज और जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल न तो चिकित्सा शिक्षा निदेशक अश्वनी कुमार और न ही आरोपी अधिकारी की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने आई है। जांच टीम की रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को आगामी दो-तीन दिनों में सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
जांच टीम के कॉलेज में आने से दिन भर स्टाफ और विद्यार्थियों के बीच चर्चा जारी रही। हालांकि किसी भी अधिकारी या स्टाफ ने मीडिया को कोई बयान देने से इंकार किया। उधर, चिकित्सा शिक्षा निदेशक अश्वनी कुमार से इस विषय पर संपर्क करने का प्रयास किया गया है, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिल सका है।