मेडिकल कॉलेज में ओपीडी में नहीं दी गई है वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुविधा
पर्ची कटवाने के लिए ही लगती है महज अलग कतार
ओपीडी के बाहर लंबी कतारों में वरिष्ठ नागरिकों को हो रही परेशानी
वरिष्ठ नागरिकों ने उठाई ओपीडी में भी विशेष सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज में वरिष्ठ नागरिकों को पर्ची बनाने के लिए तो अलग से काउंटर दिया गया है लेकिन ओपीडी के बाहर वरिष्ठ नागरिकों को इलाज के लिए कोई विशेष सुविधा नहीं दी गई है। इससे वरिष्ठ नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल में ओपीडी के बाहर लंबी-लंबी कतारें लगी रहती हैं। जहां मरीजों को घंटों तक इंतजार करना पड़ता है। वहीं, इन्हीं कतारों में वरिष्ठ नागरिकों को भी इलाज के लिए घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों स्वरूप, सरवण ठाकुर, अयोध्या दास, विजयपाल आदि ने कहा कि मेडिकल ओपीडी के बाहर दो घंटे से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ओपीडी के बाहर भी वरिष्ठ नागरिकों को विशेष सुविधा उपलब्ध करवाई जानी चाहिए ताकि आसनी से इलाज उपलब्ध हो सके। इस बारे में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने कहा कि इलाज के लिए सभी लोगों को टोकन दिए जाते हैं। प्रत्येक व्यक्ति को उसकी बारी आने पर भेजा जाता है।