हमीरपुर। जिले में 18 सरेंडर रूटों पर निजी बस संचालन के लिए ड्रॉ (लॉटरी) के जरिए चयन किया जाएगा। हर रूट पर तीन से चार आवेदन आने के बाद परिवहन विभाग ने यह निर्णय लिया है।
लॉटरी प्रक्रिया आरटीए बैठक में होगी। हालांकि अभी तक आरटीए बैठक की तिथि निर्धारित नहीं हुई है। हमीरपुर में हिमाचल पथ परिवहन निगम की ओर से 18 रूटों को सरेंडर किया है। इन रूटों पर बस संचालन के लिए आवेदन प्रक्रिया 19 फरवरी को समाप्त हो गई है। तय समय में करीब 69 आवेदन आए हैं। हालांकि पहले आवेदन की अंतिम तिथि चार फरवरी निर्धारित थी। इसके बाद इस तिथि को 19 फरवरी तक बढ़ाया गया।
तय प्रक्रिया के तहत अब पात्र आवेदकों के बीच ड्रॉ निकालकर चयन किया जाएगा। एचआरटीसी ने हमीरपुर में 18 रूटों को सरेंडर किया था। एचआरटीसी का तर्क था कि इन रूटों पर आय के मुकाबले खर्च अधिक हो रहा है। इन रूटों पर सरकारी बसें चलाने से निगम पर आवश्यक बोझ पड़ रहा है। उसके बाद इन रूटों पर निजी बसें संचालित करने के लिए प्रक्रिया शुरू की गई।
कोट
एचआरटीसी के सरेंडर 18 रूटों पर 69 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। आरटीए की बैठक में ड्रॉ के जरिये पात्र आवेदकों का चयन किया जाएगा। आरटीए की बैठक की तिथि का निर्धारण परिवहन निदेशालय से होता है।
-अंकुश शर्मा, आरटीओ हमीरपुर